पाटन। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पंचायत पाटन क्षेत्र में 15 मई 2026, शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 4 स्थित देवांगन समाज सामुदायिक भवन में विशेष जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
नगर पंचायत पाटन की सभापति एवं वार्ड क्रमांक 4 अखरा की पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जहां पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों पर आवेदन लिए जाएंगे तथा आवश्यक जांच एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण एवं क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वार्ड एवं नगरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी कार्यक्रम की जानकारी दें तथा शासन की इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं।
उन्होंने जानकारी दी कि वे स्वयं शिविर स्थल पर प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं एवं आवेदनों के संबंध में सहयोग प्रदान करेंगी
