पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहरसी के छोटे पारा स्थित सर्व समाज भवन के पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग अब विवाद का विषय बन गई है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सरपंच राकेश साहू ने सुशासन तिहार शिविर में 11 मई को ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थानांतरित करने आवेदन दिया था, लेकिन समाधान के बजाय बिजली विभाग ने ग्राम पंचायत को 1 लाख 19 हजार 284 रुपए का डिमांड थमा दिया।
बताया जा रहा है कि सर्व समाज भवन के समीप ट्रांसफार्मर लगे होने से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। भवन में सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
सरपंच राकेश साहू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि ट्रांसफार्मर हटाने के लिए पंचायत को इतनी बड़ी राशि ही जमा करनी है, तो फिर सुशासन तिहार शिविर में आवेदन लेने और समस्याओं के समाधान का दावा करने का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि पंचायत के पास इतनी राशि उपलब्ध नहीं है, तो क्या ग्रामीणों की जान जोखिम में डालकर ट्रांसफार्मर वहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि शासन द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रांसफार्मर को जल्द अन्यत्र स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
