दुर्ग। थाना नेवई क्षेत्र में हत्या की नियत से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी मनीष कुमार कोसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे नेवई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्टेशन मरोदा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया कुमारी टोडर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे उसका बड़ा बेटा मुकेश टोडर घर के सामने मोटरसाइकिल पर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर वहां पहुंचा और “आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा” कहते हुए मुकेश टोडर के सिर पर लगातार 10 से 12 बार हमला कर दिया।
हमले में मुकेश टोडर के सिर में गंभीर चोटें आईं। प्रार्थिया, उसकी बहू साधना टोडर एवं आसपास के लोगों द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में थाना नेवई पुलिस ने अपराध क्रमांक 339/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की लगातार तलाश की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी को स्टेशन मरोदा से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
आरोपी
मनीष कुमार कोसरे, पिता स्व. सुंदर लाल कोसरे, उम्र 29 वर्ष, निवासी विजय चौक स्टेशन मरोदा, थाना नेवई।
जप्त सामग्री
घटना में प्रयुक्त एक लोहे का सब्बल।
सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेन्द्र तारम, प्रधान आरक्षक महावीर साहू, आरक्षक रवि बिसाई, आरक्षक प्यारे लाल एवं आरक्षक शाहबाज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
