[ad_1]
नारी शक्ति वंदन अधिनियम : साय का विपक्ष पर तीखा हमला
18-Apr-2026 10:16 PM
महिलाओं के साथ अन्याय करने आरोप
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 18 अप्रैल। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित ‘इंडी’ गठबंधन के दलों ने मिलकर इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित होने से रोका, जिससे महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय हुआ है।
मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का श्रवण करने के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसके बावजूद विपक्षी दलों ने इसे रोककर महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा डाली।
उन्होंने इस घटनाक्रम को “घोर महापाप” करार देते हुए कहा कि इससे देश की करोड़ों माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं इस घटना को याद रखेंगी और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी दिखेगा।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भरोसा दिलाया है कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए यह विधेयक भविष्य में अवश्य पारित किया जाएगा। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की महिलाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण के प्रयासों में बाधा डालना अत्यंत निंदनीय है और इसे उन्होंने गंभीर सामाजिक अपराध की संज्ञा दी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह बड़े सुधारों के समय विरोध की राजनीति करती है और “फूट डालो और राज करो” जैसी नीति अपनाती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता अब इन राजनीतिक रणनीतियों को समझ चुकी है और महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ जाने वालों को जवाब देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महापौर मीनल चौबे, महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
[ad_2]
Source link