प्रयागराज। देश में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाकर ठग नए-नए तरीके अपना रहे हैं। यूपी के प्रयागराज से सामने आया एक मामला सभी के लिए चेतावनी है, जहां एक बुजुर्ग महिला से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की साइबर ठगी होने से ऐन वक्त पर बचाव हो गया।
सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे चंचल श्रीवास्तव नामक बुजुर्ग महिला पंजाब नेशनल बैंक की सिविल लाइंस शाखा पहुंचीं। उन्होंने बैंक के फ्रंट ऑफिस स्टाफ से एक खाते में 1 करोड़ 20 लाख रुपये ट्रांसफर करने की बात कही। महिला की घबराई हुई स्थिति और इतनी बड़ी रकम देखकर कर्मचारियों को संदेह हुआ और तत्काल शाखा के चीफ मैनेजर विपिन कुमार को सूचना दी गई।
खाते की जांच में खुली साजिश
चीफ मैनेजर ने महिला से बातचीत की, लेकिन उनके जवाब सामान्य नहीं लगे। संदेह होने पर जिस खाते में रकम ट्रांसफर की जानी थी, उसकी जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि वह कोटक महिंद्रा बैंक का एक करंट अकाउंट है, जिसे अक्टूबर में ही खोला गया था और वह खाता झारखंड के रांची का है। इसके बाद मामला पूरी तरह संदिग्ध हो गया।




