दुर्ग। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। महोत्सव में लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं से आए खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आयोजन के अंतर्गत हुई योग विद्या प्रतियोगिता में दुर्ग जिले की पाटन विधानसभा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संपूर्ण दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ऑल ओवर खेल प्रदर्शन में पाटन विधानसभा के खिलाड़ियों ने कुल 138 अंक अर्जित कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। योग प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में पाटन विधानसभा के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
15 से 30 वर्ष आयु वर्ग में केशव सिंह ने प्रथम एवं भूमिका साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग में अंतरा साहू ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में इंदु सोनकर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 75 वर्ष आयु वर्ग में तुलाराम वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रेरणादायक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल और योग युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि ललित चंद्राकर ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी धीरेन्द्र वर्मा मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर डॉ. दिनेश चन्द्रवंशी (जिला आयुष अधिकारी), गोस्वामी जयंत विष्णु भारती (छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन), डॉ. अनिता साहू, अनूप बंसल (सह राज्य प्रभारी, भारत स्वाभिमान), भारत लाल ताम्रकार, संतोष यादव, लाला राम वर्मा, खिलेश्वर वर्मा तथा मर्रा सरपंच मुकेश देवांगन सहित अन्य पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी।

