[ad_1]
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार रात बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या (Murder in CG) कर दी। घटना कोटमी साप्ताहिक बाजार की है, जहां दुकान बंद कर रहे ज्वेलरी कारोबारी पर हमला कर बदमाश सोना-चांदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान प्रदीप सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे तीन बदमाश पल्सर बाइक पर सवार होकर बाजार पहुंचे थे। उसी दौरान प्रदीप सोनी अपनी दुकान बंद कर रहे थे। बदमाशों ने उनसे सोना-चांदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी।
गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घायल व्यापारी को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। घटनास्थल से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल बदमाश कितनी कीमत का सोना-चांदी लूटकर ले गए, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
व्यापारी की हत्या के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। परिजन और व्यापारियों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीन लिया और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई। सराफा व्यापारी संगठन समेत अन्य व्यापारिक संगठनों ने बुधवार को पेंड्रा बंद का ऐलान किया है।
[ad_2]
Source link