सतर्क एप की सतर्कता से पकड़ाया कोचिया, की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, भेजा जेल
01-Dec-2025 9:52 PM
गेट पास के माध्यम से दो बार बेचा था धान, वही पकड़ाया
किसान के खेत में खड़ी रही फसल और कोचिया बेचता रहा धान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर। सतर्क ऐप की सतर्कता के चलते किसान के नाम पर धान बेच रहे कोचिए को पकड़ा गया है।कोचिए के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा कोचियों के खिलाफ की जा रही कार्यवाही का व्यापक असर पड़ा है और कोचियों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिले भर में कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन और कोचिंयों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर जितेंद्र यादव स्वयं निगरानी कर रहे है।चेक पोस्ट में कलेक्टर लगातार आकस्मिक निरीक्षण कर रहे है।डिप्टी कलेक्टरों की रात्रि गश्त भी लगाई गई है।आज इसी बड़ी कार्यवाही में सतर्कता ऐप के माध्यम से यह पता चला है कि राजनांदगांव जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम राका के फुटकर व्यापारी लाल जी सिन्हा द्वारा सोसाइटी में दो-दो बार धान बेचा गया है।एसडीएम डोंगरगढ़ ने शिकायत पर जांच की और अवैध धान बेचे जाने पर उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। यह कार्रवाई सतर्क एप की टीम की सतर्कता के चलते कार्रवाई सुनिश्चित हुई है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गेट पास के माध्यम से कोचिया ने दो बार सोसाइटी में धान बेचते नजर आया। जिस पर जांच शुरू की गई।और जांच को सही पाया गया।
ज्ञात हो कि कलेक्टर के निर्देश पर राजनांदगांव जिले भर में अवैध धान के परिवहन और कोचियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है। विगत एक पखवाड़े से चलाई जा रही छापा मार कार्रवाई के चलते सैकड़ों। कोचियों पर अब तक कार्रवाइयां की जा चुकी है। इसी के तहत आज ग्राम राका के फुटकर व्यापारी लालजी सिंन्हा के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कारवाइयां की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक एक दिसंबर को धान उपार्जन केंद्र मेढा का औचक निरीक्षण अनुविभागीय अधिकारी एवं नायब तहसील द्वारा किया गया।
ग्राम राका के फुटकर व्यापारी लाल जी सिन्हा द्वारा कृषक लिखन कंवर निवासी पिपरिया तहसील डोगरगढ़ को धोखे में रखकर उनकी कृषक धान पंजीयन के विरुद्ध 28 नवंबर को 260 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र मेढा में बिक्री किया जाना पाया गया उसके बाद पुनः 1 दिसंबर को 244 क्विंटल धान अवैध विक्रय किए जाने का प्रयास भी किया गया। सत्यापन के दौरान कृषक के खेत में धान कटाई नहीं होना पाया गया। इस संबंध में कृषक द्वारा बयान में बताया गया कि लालजी सिंन्हा द्वारा झूठी जानकारी एवं प्रलोभन देकर अवैध धान को धान उपार्जन केंद्र में अवैध तरीके से विक्रय के लिए लाया गया था। सत्यापन में यह पुष्टि हो जाने पर व्यापारी द्वारा बार-बार अवैध रूप से धान विक्रय किए जाने का प्रयास किया गया है। इसके कारण लाल जी सिन्हा निवासी ग्राम राका के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।और कोचिए को जेल भेजा गया है।

