[ad_1]
सक्ती हादसा के बाद प्रशासन सतर्क, फैक्ट्रियों में जांच
16-Apr-2026 1:53 PM
नांदगांव कलेक्टर के निर्देश पर पावर प्लांटों की मशीनरी का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अप्रैल। सक्ती के पावर प्लांट में भीषण दुर्घटना के चलते राजनांदगांव जिले के पावर प्लांटों और कारखानों की मौजूदा मशीनरी की जांच पड़ताल के लिए उद्योग विभाग के अफसर पहुंचे। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने अफसरों को फिजिकल रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
इसी के चलते कारखानों में औद्योगिक विभाग की टीम ने गहन जांच पड़ताल की। कलेक्टर ने राजस्व एवं उद्योग विभाग की एक संयुक्त टीम को हादसों से बचाव व सुरक्षा के उपायों की वस्तु स्थिति का पता लगाने का निर्देश दिया। मिली जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई पावर प्लांट में हुए हादसे के बाद राजनांदगांव कलेक्टर ने एक टीम का गठन किया। औद्योगिक इकाईयों में पहुंचे अफसरों ने जमीनी स्तर पर जांच पड़ताल की।
इसी कड़ी में कांकरिया राइस मिल्स दीवानभेड़ी में फायर सेफ्टी व्यवस्था बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई। वहीं क्रेस्ट स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के तीनों यूनिट में फायर सेफ्टी सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई। यहां नियमित रूप से लॉग बुक संधारित की जा रही है तथा हर दो माह में फायर मॉक ड्रिल और हर छह माह में अन्य सुरक्षा अभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं।
श्री श्याम इंडस्ट्री महाराजपुर में केवल एक अग्निशामक यंत्र पाया गया। फायर अलार्म की अनुपस्थिति पर तत्काल अतिरिक्त अग्निशामक यंत्र लगाने, फायर अलार्म स्थापित करने तथा बालू-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनता इंडस्ट्रीज एवं राइस मिल में अग्निशामक यंत्र खराब पाया गया। बायलर संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, लेकिन सुरक्षा सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
वर्धमान राइस मिल, जनकपुर में पर्याप्त अग्निशामक यंत्र उपलब्ध थे, किन्तु फायर अलार्म नहीं पाया गया तथा आपातकालीन नंबर प्रदर्शित नहीं किए गए थे, जिन्हें तत्काल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। काकरिया पॉलिमर्स पार्रीकला में एक अग्निशामक यंत्र एक्सपायर मिला, जिसे तत्काल रिफिल करने को कहा गया। श्रीराम सीमलेस प्राइवेट लिमिटेड पाइप इंडस्ट्री में सुरक्षा मानक संतोषजनक पाए गए और उपकरण नियमित रूप से मेंटेन किए जा रहे हैं।
सुरेश राइस मिल में एक अग्निशामक यंत्र वर्ष 2019 से एक्सपायर पाया गया तथा बायलर निरीक्षण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। इकाई को तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए पुन: निरीक्षण की सूचना दी गई है। जिन्दत्त फूड प्रोसेसिंग यूनिट, जनकपुर में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध होने के बावजूद फायर अलार्म, बालू-पानी की व्यवस्था एवं आपातकालीन नंबरों का अभाव पाया गया। बालाजी राइस मिल महाराजपुर में भी आंशिक सुरक्षा व्यवस्थाएं पाई गईं, जहां एक अग्निशामक यंत्र रिफिल नहीं था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
[ad_2]
Source link