
बिसौली। संविलियन विद्यालय हर्रायपुर ने लगातार 10 वीं बार राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में जनपद में अपना परचम लहराया। रविवार को घोषित हुए परिणामों में जिले की कुल 236 सीटों के सापेक्ष 231 छात्र छात्राओं का चयन हुआ है। जिले में संविलियन विद्यालय हर्रायपुर के सर्वाधिक 18 बच्चों का चयन हुआ है जबकि विकास क्षेत्र बिसौली से लगभग 38 छात्र छात्राओं का चयन हुआ है। कंपोजिट विद्यालय करनपुर से 5 कंपोजिट विद्यालय चन्दपुरा से 4 बिसौली से 3 सर्वा से 3 उच्च प्राथमिक विद्यालय रायपुर कला से 2 कंपोजिट विद्यालय हतसा से 2 व उच्च प्राथमिक विद्यालय रायपुर खुर्द से एक छात्र छात्रा का चयन हुआ है। परीक्षाफल घोषित होने पर विद्यालय के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक कुंवरसेन सहायक अध्यापक चित्रा, उमेश चंद्र, हिमानी वार्ष्णेय, हेमलता व अंजुम बुशरा ने सभी छात्र छात्राओं को बधाई दी, साथ ही विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरपाल सिंह ग्राम प्रधान धर्मपाल ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। विकास क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद समस्त एआरपी टीम व जिले के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने भी चयनित छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित की। बता दें कि हर्रायपुर से अब तक 87 छात्र छात्राओं का छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन हो चुका है।

