भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बढ़ते आशावाद का असर बुधवार को शेयर बाजार पर साफ दिखा। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने पिछले कारोबारी सत्र की तेजी को आगे बढ़ाते हुए मजबूती के साथ कारोबार खत्म किया।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 487.20 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,344.68 पर बंद हुआ। दिन के दौरान सेंसेक्स में 646.49 अंक या 0.78 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली और यह 82,503.97 के उच्च स्तर तक पहुंच गया।
वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 167.35 अंक या 0.66 प्रतिशत चढ़कर 25,342.75 पर बंद हुआ।
हालांकि, शेयर बाजार में मजबूती के बावजूद रुपये पर दबाव बना रहा। भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे गिरकर 91.79 पर बंद हुआ।




