हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल शिमला और मनाली अपनी ठंडी आबोहवा और बर्फबारी के लिए देशभर में मशहूर हैं। हर साल सर्दियों के मौसम में कई राज्यों से पर्यटक यहां बर्फ देखने पहुंचते हैं, लेकिन इस बार सर्दी चरम पर होने के बावजूद न बारिश हो रही है और न ही बर्फबारी। इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी मायूसी देखी जा रही है।
आमतौर पर क्रिसमस और नए साल के दौरान शिमला और मनाली में बर्फबारी पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा कारण होती है, लेकिन पिछले तीन सालों से यहां बर्फ नहीं पड़ी है। इस बार भी मौसम विभाग ने शुष्क मौसम का अनुमान जताया है, जिससे ‘व्हाइट क्रिसमस’ की संभावना लगभग खत्म होती नजर आ रही है।
बर्फबारी न होने के कारण पर्यटन व्यवसाय पर असर पड़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए शिमला और मनाली में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कार्निवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य शीतकालीन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि, बर्फ की कमी ने पहाड़ों की सर्दियों की रौनक को फीका कर दिया है।




