छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर अंचल में शांति और विकास की दिशा में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दंतेवाड़ा जिले में संचालित “पूना मारगेम (पुनर्वास से पुनर्जीवन)” अभियान से प्रभावित होकर कुल 64 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें 36 इनामी माओवादी शामिल हैं। आत्मसमर्पित माओवादियों पर कुल 1 करोड़ 19 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी दरभा डिवीजन, दक्षिण बस्तर, पश्चिम बस्तर, माड़ क्षेत्र सहित ओडिशा राज्य में सक्रिय रहे हैं। इनमें 18 महिला और 45 पुरुष माओवादी शामिल हैं। इनामी माओवादियों में 8 लाख रुपये के 7, 5 लाख के 7, 2 लाख के 8, 1 लाख के 11 और 50 हजार रुपये के 3 माओवादी शामिल हैं।
सभी माओवादियों ने डीआरजी कार्यालय दंतेवाड़ा में पुलिस उप महानिरीक्षक (सीआरपीएफ दंतेवाड़ा रेंज) राकेश चौधरी, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, 111वीं, 195वीं एवं 230वीं वाहिनी सीआरपीएफ के कमांडेंट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आत्मसमर्पण किया।




