पिंटू दुबे, बिलासपुर। CG News : जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 245 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को धरदबोचा है।
दरअसल, रतनपुर थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए भेड़ीमुड़ा-नवापारा चौक के पास घेराबंदी कर एक सफेद अर्टिगा कार (CG 04 QD 7255) को रोका, जो कठघोरा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। तलाशी लेने पर उसमें से 245 पैकेटों में भरा हुआ लगभग 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

दिलचस्प बात यह है कि गिरफ्तारी के समय आरोपी के फोन पर लगातार एक अज्ञात नंबर से कॉल आ रहा था, जिसकी बारीकी से जांच करने पर पता चला कि वह व्यक्ति भी इस तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा है। पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर उस दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया।
प्रशिक्षु IPS अंशिका जैन ने बताया कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि तस्करी के इस अंतर्राज्यीय सिंडिकेट के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और गांजे सहित तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें

