दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने भिलाई शहर के मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सर्कुलर मार्केट, कैंप-02 स्थित इच्छापूर्ति दुर्गा-गणेश मंदिर से भगवान हनुमान जी का चांदी का मुकुट सहित अन्य कीमती धार्मिक सामान चोरी करने का आरोप है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे मंदिर में पूजा करने वाले पंडित भोला महाराज गेट खोलकर स्नान के लिए अपने कमरे में चले गए थे। शाम करीब 6 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन और लड्डू गोपाल जी की पीतल की मूर्ति झूले सहित गायब थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई।



