दुर्ग। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। घटना में करीब ढाई लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खेरधा निवासी मीना धृतलहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मार्च की रात करीब 10 बजे उसका पुत्र पुनित धृतलहरे शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। इंकार करने पर वह गुस्से में आ गया और घर में आग लगाने की धमकी देने लगा। कुछ ही देर बाद उसने सिगड़ी में कपड़ा जलाकर घर में आग लगा दी, जिससे आग तेजी से फैल गई।
आगजनी में घर में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे पीड़िता को लगभग 2.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
मामले में जामुल थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में यह कदम उठाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
