वैश्विक अनिश्चितताओं और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले साल ब्याज दरों में कटौती की मजबूत संभावनाओं के बीच सोना और चांदी ने नए रिकॉर्ड बना लिए हैं। मंगलवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमती धातुओं ने अब तक के सभी पुराने स्तर तोड़ दिए। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ा है, जिससे सर्राफा बाजार में ऐतिहासिक तेजी देखी जा रही है।
घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 1,637 रुपये या 1.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,38,381 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा सत्र है जब सोने की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई है। सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से आने वाले दिनों में कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव के साथ मजबूती बने रहने की संभावना जताई जा रही है।



