वेयरहाउस में चने की बोरी गिरने से दो बच्चों की मौत, जांच जारी
06-Jan-2026 8:12 PM
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 जनवरी। मंगलवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धौराभाटा स्थित बंशी गोपाल वेयरहाउस में एक हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस में कार्यरत ग्राम बेलगहना, जिला बिलासपुर निवासी एक महिला श्रमिक के दो बच्चे वेयरहाउस परिसर के भीतर खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चे चने की झिल्ली से चना निकाल रहे थे, तभी चने की एक बोरी उनके ऊपर गिर गई, जिससे दोनों बच्चे बोरी के नीचे दब गए।
आसपास मौजूद अन्य श्रमिकों द्वारा तत्काल बोरी हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। उस समय दोनों बच्चे बेहोश अवस्था में थे। इसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों द्वारा प्रारंभिक जांच में बच्चों की मृत्यु का कारण दम घुटना बताया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में लापरवाही की जांच एवं विवेचना की जा रही है।
मृत बच्चों की पहचान—
1. प्रतिमा पटेल, उम्र 6 वर्ष
2. अखिलेश पटेल, उम्र 5 वर्ष
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

