पाटन। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटन में टीबी मरीजों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क प्रदान की गईं तथा टीबी से बचाव, लक्षण और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज समय पर जांच कराकर नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी बीमारी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के मरीजों से भेदभाव न करें, बल्कि उनका सहयोग करें ताकि वे समय पर उपचार लेकर स्वस्थ हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. कठोतिया, बीपीएम पूनम साहू, एपीएस इंदु अमरीश सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मरीजों को दवाइयों के नियमित सेवन, पोषणयुक्त आहार लेने एवं स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
