राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हर साल 26 जनवरी को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड भारतीयों के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक होती है। इस भव्य आयोजन में देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। यह परेड न सिर्फ देशवासियों बल्कि विदेशी मेहमानों के लिए भी साल के सबसे खास आयोजनों में से एक मानी जाती है।
गणतंत्र दिवस परेड 2026 की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है। मुख्य परेड का आयोजन 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर होगा। वहीं, उत्सव का समापन 29 जनवरी 2026 को होने वाले ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह के साथ किया जाएगा। इस समारोह से भारतीय सेना के अनुशासन, परंपरा और परिपूर्ण समन्वय का प्रदर्शन होता है।
बीटिंग द रिट्रीट के तहत फुल ड्रेस रिहर्सल 28 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसके टिकट की कीमत ₹20 रखी गई है। जबकि 29 जनवरी 2026 को होने वाले मुख्य बीटिंग द रिट्रीट समारोह के टिकट ₹100 में उपलब्ध होंगे।
जो लोग कर्तव्य पथ पर बैठकर गणतंत्र दिवस परेड देखना चाहते हैं, उनके लिए पहले से टिकट बुक करना अनिवार्य है। दर्शक ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से टिकट खरीद सकते हैं।




