देश की हाईटेक और तेज़ रफ्तार ट्रेनों में शुमार वंदे भारत एक्सप्रेस अब तस्करों के निशाने पर आ गई है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई में नशा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) को पहले से ही सटीक इनपुट मिल चुका था। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही टीम ने AC कोच में ‘साइलेंट ऑपरेशन’ चलाते हुए घेराबंदी की।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए जब दो युवतियों के बैग की तलाशी ली गई, तो सभी हैरान रह गए। बैग से करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 3 से 4 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार युवतियों के बारे में बताया जा रहा है कि वे तिफरा बिलासपुर की रहने वाली हैं और विशाखापट्टनम से गांजा लेकर रायपुर पहुंची थीं। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।




