बिहार के बाढ़ स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:45 बजे एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ा था। खैनी खाने के बाद वह थूकने के लिए पटरी के किनारे चला गया। इसी दौरान पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22348) प्लेटफॉर्म नंबर 2 से तेज रफ्तार में गुजर रही थी।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के आने से पहले तेज हॉर्न भी बजाया गया, लेकिन व्यक्ति सतर्क नहीं हो सका। खैनी फेंकते समय वह प्लेटफॉर्म की ओर झुका और तेज रफ्तार ट्रेन के झटके से उछलकर दूर प्लेटफॉर्म पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। रेलवे प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




