पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम किकिरमेटा में प्रसिद्ध लोक कला साधक स्वर्गीय खुमान साव की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर आयोजित संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अनेक प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने भाग लेकर स्व. साव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध बांसुरी वादक, गीत-संगीतकार एवं लोक कला मंच रंग झरोखा के संचालक दुष्यन्त हरमुख को लोक संगीत और कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “खुमान साव संगीत साधक सम्मान” से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल, जिला पंचायत सभापति कल्पना साहू, भाजपा नेता एवं तहसील साहू संघ के अध्यक्ष लालेश्वर साहू तथा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्व. खुमान साव के लोक कला और संस्कृति के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भावविभोर कर दिया।
सांसद विजय बघेल ने भी गीतों के माध्यम से स्व. खुमान साव को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि स्व. खुमान साव ने लोक कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी।
