पंजाब के लुधियाना के गिल रोड स्थित बचित्तर नगर इलाके में ब्लॉक समिति चुनाव में जीत के जश्न के दौरान माहौल अचानक बेकाबू हो गया। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच पहले पथराव हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब एक कांग्रेसी कार्यकर्ता ने फायरिंग शुरू कर दी।
हैरानी की बात यह रही कि फायरिंग के वक्त इलाके में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। यह घटना उस समय हुई जब आप के कार्यकर्ता जीत के बाद धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। पथराव और फायरिंग के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस वारदात में गोली और पत्थर लगने से कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान गुरमुख सिंह (65), रविन्द्र सिंह (44), गुरदीप सिंह (32), उदमवीर सिंह (25) और मनदीप सिंह (36) के रूप में हुई है। सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।




