
लखनऊ। राजधानी के मौलवीगंज वार्ड में पांडेयगंज गौस नगर इलाके में पालतू कुत्ते ने पांच वर्षीय बच्ची पीहू को काटकर जख्मी कर दिया। पीहू स्कूल से लौटकर दोपहर ढाई बजे घर के बाहर छत से गिरे कपड़े उठाने गई थी, तभी पड़ोस के रामकिशोर बाजपेई के कुत्ते ने उसे हाथ में नोच लिया। शोर सुनकर लोग दौड़े और किसी तरह बच्ची को बचाया गया। परिवार ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, राजाजीपुरम के मीना बेकरी चौराहे से ओंकारेश्वर मंदिर मार्ग के पास एक पार्क में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। पार्क में झूला झूल रहे छोटे बच्चे और महिलाएं कुत्तों के झुंड से डरकर भागते नजर आए। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
नगर निगम के पशुकल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि जिन इलाकों से कुत्तों के काटने और दौड़ाने की शिकायतें आई हैं, वहां टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। नगरवासियों ने पालतू और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर सुरक्षा की मांग की है।

