रायपुर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बुजुर्ग आरोपी को जेल

NFA@0298
3 Min Read


रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो केस में अहम सबूत बनेगी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 7 से 11 जनवरी के बीच कई बार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने के सामान का लालच देकर अपने साथ ले जाया जाता था। पीड़िता ने बयान में बताया कि घटना किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी, जिससे वह डर के कारण चुप रही।

12 जनवरी की सुबह बच्ची दर्द के कारण रो रही थी। नहाने के दौरान चाची द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे, जहां तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मोहल्ले में एक दुकान थी, जहां वह चूड़ी के साथ चॉकलेट व अन्य सामान बेचता था। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

कूद पड़ा बजरंग दल

इधर इस घटना के विरोध में बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने राजातालाब और ताजनगर इलाके में जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान ‘बलात्कारियों को फांसी दो’ जैसे नारे लगाए गए। कुछ स्थानों पर अल्पसंख्यक विरोधी नारेबाजी की भी सूचना मिली, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

बजरंग दल के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ थाने भी पहुंचे और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि केस को फास्ट-ट्रैक पर आगे बढ़ाया जाएगा और दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं।



Source link

Share This Article
Leave a Comment