रायपुर। शादी-ब्याह के मौसम में खपाए जाने के लिए बड़ी मात्रा में एनालॉग पनीर बनाने वाली भाठागांव और उरला की दो फैट्रियों में छापा मारकर खाद्य विभाग की विशेष टीम ने एक हजार किलो से ज्यादा पनीर नष्ट करा दिया है। जांच के दौरान भाठागांव की फैक्ट्री में निर्माण बंद कराया गया और लायसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उरला की डेयरी से पनीर जब्त करने के बाद वहां निर्माण व्यवस्था में सुधार के लिए विभागीय नोटिस थमाया गया है।
लाभ कमाने के चक्कर में बना रहे नकली पनीर
शादी के सीजन में पनीर की डिमांड दो से तीन गुना तक बढ़ जाती है। इसे देखते हुए ज्यादा लाभ कमाने के चक्कर में डेयरी प्रोडक्ट तैयार करने वाले प्रतिष्ठान पनीर का निर्माण ज्यादा मात्रा में करने लगते हैं और आम लोगों की सेहत से भी समझौता किया जाता है। इसी तरह की शिकायतों के आधार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विशेष टीम ने भाठागांव के केएलपी मिल्क एंड प्रोडक्ट तथा उरला के एसजे मिल्क एंड डेयरी प्रोडक्ट में दबिश देकर पनीर निर्माण की जांच की।
नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी कार्रवाई
जांच के दौरान वहां तैयार 540 किलो पनीर जब्त कर लिया गया। पनीर के निर्माण के दौरान वहां काफी मात्रा में गंदगी मिली थी। इसके अलावा पनीर बनाने की प्रक्रिया को भी संदिग्ध मानते हुए वहां प्रोडक्शन बंद कराकर लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहां उरला के डेयरी प्रोडक्टर में साफ-सफाई के बीच बनाए गए 500 किलो पनीर को जब्त कर उसे नोटिस जारी किया गया है। दोनों संस्थानों से जब्त पनीर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बड़े गड्ढे में दबा दिया गया। फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ एनॉलॉग पनीर के नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।




