रायपुर। रायपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा का एक अंतर्राज्यीय तस्कर और एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.916 किलोग्राम गांजा और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.45 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामला थाना मुजगहन क्षेत्र के काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी का है, जहां एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि एक मकान में गांजा रखकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की और मौके से सभी आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कमरे में पलंग के नीचे रखी बोरी से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उनकी भूमिका स्पष्ट हो गई।




