रायपुर। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) रायपुर कमिश्नरेट के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के अलग-अलग स्थानों से कुल 100 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस को मिले आवेदनों के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी विश्लेषण कर गुम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की और वर्तमान में उनका उपयोग कर रहे मोबाइल धारकों तक पहुंच बनाई। कई मामलों में जब मोबाइल धारकों को फोन के गुम होने की जानकारी दी गई तो उन्होंने मोबाइल बंद कर दिया। ऐसे मामलों में टीम ने अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संबंधित व्यक्तियों की तस्दीक कर मोबाइल फोन बरामद कराए।
बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आज 11 मार्च 2026 को इन सभी मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।




