रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित ऐलसवेयर होटल में शनिवार देर रात आयोजित एक हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी उस समय हिंसक हो गई, जब युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान होटल परिसर में खड़ी कई गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
अचानक हुई इस हिंसक घटना से होटल में मौजूद मेहमानों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। अफरा-तफरी के माहौल में लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, उपद्रव में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




