रायगढ़। CG NEWS: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल रायपुर द्वारा आयोजित पीईटी प्रवेश परीक्षा का आयोजन 14 मई को जिले रायगढ़ में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया। परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा के लिए जिले में दो परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। कुल 507 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 376 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 131 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा केन्द्रों में सुरक्षा एवं जांच व्यवस्था के लिए प्रत्येक केन्द्र पर एक पुरुष और एक महिला पुलिस कर्मी की तैनाती की गई थी। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा की गई। परीक्षा मंडल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केन्द्र पहुंचने को कहा गया था, ताकि पहचान पत्र सत्यापन और सुरक्षा जांच समय पर पूरी की जा सके।

निर्देशानुसार परीक्षा केन्द्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए गए थे। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने तथा केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति दी गई थी। कानों में किसी प्रकार के आभूषण पहनने पर रोक थी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी समेत अन्य सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहा। व्यावसायिक परीक्षा मंडल के अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने बताया कि सभी केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
