
अयोध्या। शनिवार देर रात अयोध्या की पवित्र रामनगरी उस वक्त दहशत में डूब गई, जब श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को बम से उड़ाने की सूचना सामने आई। रात करीब 10:30 बजे डायल 112 पर आई एक फोन कॉल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी। सूचना मिलते ही राम मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
पलभर में पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां हरकत में आ गईं। मंदिर परिसर की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कई गुना बढ़ा दी गई। श्रद्धा के सबसे बड़े प्रतीक स्थल पर संभावित हमले की आशंका ने पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया।
पुलिस ने कॉल करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में युवक गोंडा जिले का निवासी बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से असंतुलित हो सकता है, लेकिन पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही। इंटेलिजेंस एजेंसियां और अयोध्या पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस ने युवक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि यह शरारत है या किसी बड़ी साजिश की कड़ी—इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। राम मंदिर की सुरक्षा अब और कड़ी कर दी गई है और पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

