रानीतराई। अंचल के सबसे बड़े साप्ताहिक बाजार में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सब्जी व परसा लगाने वाले व्यापारियों को दिए गए ₹500 के नोट नकली पाए गए। बाजार में खरीदारी के दौरान धीरे-धीरे मामला खुला और जांच करने पर एक-दो नहीं बल्कि दर्जन भर से अधिक नकली ₹500 के नोट सामने आए।
नकली नोट मिलने की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारियों ने तत्काल इसकी सूचना रानीतराई थाना जाकर दी। पुलिस ने नकली नोटों को जब्त कर लिया।
पीड़ित व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से आए और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।
घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में भय का माहौल है, समाचार लिखे जाने तक मामले की विवेचना जारी है।

