राजधानी में कड़ाके की ठंड ने एक बार फिर लोगों को ठिठुरा दिया है। रविवार को सर्दी ने नया रिकॉर्ड बनाया, जब पालम इलाके में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस वर्ष जनवरी महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान वर्ष 2010 के बाद से दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान भी है। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को पालम में 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। गौरतलब है कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा था, लेकिन रविवार को इसमें और गिरावट दर्ज की गई।
तेज सर्द हवाओं और गिरते तापमान के चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया गया। ठंड बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोग अलाव, गर्म कपड़ों व हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड बरकरार रहने की संभावना जताई है।




