छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बच्चा चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के पार्वती नगर में एक महिला को दो मासूम बच्चों को ले जाते हुए परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि महिला एक बच्चे को बोरे में भरकर और दूसरे को गोद में लेकर भाग रही थी।
जानकारी के अनुसार, बच्चों के पिता को महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने पीछा कर महिला को पकड़ लिया। महिला के पकड़े जाते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इलाके में पहले से बच्चा चोरी की अफवाहों और घटनाओं की चर्चाओं के चलते लोगों में आक्रोश था। गुस्साई भीड़ ने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला अकेली नहीं थी और उसके साथ बच्चा चोरी का एक गिरोह सक्रिय हो सकता है। महिला के पकड़े जाने के बाद उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस इस मामले को संगठित गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




