राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। कैलाशपुरी रोड पर रात करीब 8:30 बजे एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। हादसे के वक्त दुकान में मौजूद दुकानदार का परिवार बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कार चला रहे ड्राइवर को पकड़ लिया गया। आक्रोशित लोगों ने कथित तौर पर ड्राइवर की पिटाई भी कर दी। हादसे के बाद घर और दुकान में मौजूद लोग दहशत में नजर आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।



