

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के थाना करनवास क्षेत्र के ग्राम दूधी में शुक्रवार दोपहर सगाई समारोह में जमीन विवाद के चलते मारपीट हो गई, जिसमें पचोर नगर के पार्षद प्रतिनिधि सहित एक महिला घायल हो गई।
समारोह में शामिल होने पहुंचे देवर और उनकी भाभी पर उनके ही रिश्तेदारों ने लाठी से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी अक्षय पुत्र लक्ष्मणसिंह नैनावत ने बताया कि उनके ससुर शेखर पुत्र सज्जनसिंह मनवाड़े और उनकी भाभी रीना बाई ग्राम दूधी में मंगलसिंह की बेटी की सगाई में शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम के दौरान पहले से चल रहे जमीन विवाद को लेकर नाराज चार आरोपित अचानक पहुंचे और शेखर मनवाड़े पर लाठी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से शेखर लहूलुहान हो गए। वहीं बीच‐बचाव करने आई रीनाबाई भी हमले में घायल हो गईं।
पुलिस ने आरोपित पप्पू पिता सीताराम कंजर, उमित पुत्र रिंकू कंजर, आनंद पुत्र सीताराम और उमेश पुत्र सीताराम गुदेने, निवासी छोटा बैरसिया नई दिल्ली, के खिलाफ मारपीट, गंभीर चोट पहुँचाने, जान से मारने की धमकी देने और सामूहिक हमला करने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
फरियादी के अनुसार चारों आरोपी शेखर मनवाड़े के रिश्ते में जमाई लगते हैं। घायल शेखर मनवाड़े पचोर नगर के वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद प्रतिनिधि हैं।
पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। थानाप्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


