[ad_1]
रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दो शिक्षिकाओं को कुचला, एक की मौत, दूसरी गंभीर
25-Apr-2026 5:01 PM
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलरामपुर, 25 अप्रैल। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह सड़क हादसे में स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, करमडीहा स्कूल में पदस्थ शिक्षिकाएं रामकली मिंज (लैब सहायक) और रजनी केवट स्कूटी से विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान बसंतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामकली मिंज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल शिक्षिका को वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना की खबर मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।
[ad_2]
Source link