लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती–2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण देने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से वे अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जो पूर्व वर्षों में विभिन्न कारणों से आयु सीमा के कारण वंचित रह गए थे। निर्णय को युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अहम कदम माना जा रहा है और इससे पुलिस भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।



