नई दिल्ली। लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में रविवार शाम एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान 12 वर्षीय मुस्लिम लड़के की माथे के बीचोबीच प्वाइंट ब्लैक रेंज से गोली लगने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया। जिसके घर पर उस बच्चे के सिर में गोली लगी वह योगी सरकार में एक बड़े मंत्री का रिश्तेदार है। परिजन इसे जानबूझ कर की गई हत्या बता रहे हैं
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कक्षा 7 का छात्र उनाइज़ खान, अपने दोस्त नवनीत के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए एलडीए कॉलोनी, बारीगावां गया था, जब शाम करीब 7 बजे उसके सिर में गोली लग गई। उसे लोक बंधु अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने इस घटना को आकस्मिक बताया है। अधिकारियों के अनुसार, समारोह में मौजूद नाबालिग कथित तौर पर एक खड़ी कार में या घर के अंदर रखी रिवॉल्वर को चला रहे थे, जब वह अनजाने में चल गई। तीन नाबालिगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और हथियार को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
हालांकि, उनाइज़ के पिता, ज़मीर खान ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को जानबूझकर गोली मारी गई थी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें मेजबान संजीव त्रिपाठी, उनके बेटे नवनीत और तीन नाबालिगों सहित छह लोगों को नामजद किया गया है।
परिवार का दावा है कि उनाइज़ को बहला-फुसलाकर उस स्थान पर बुलाया गया और उसे बेहद करीब से गोली मारी गई। पहले तो घटना को सड़क दुर्घटना का नाम देने की कोशिश की गई। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस घटना से इलाके के निवासी सदमे में हैं और अलग-अलग बयान सामने आ रहे।
बताया जा रहा है कि संजीव त्रिपाठी यूपी के एक मंत्री का बेहद नजदीकी रिश्तेदार है। कृष्णानगर पुलिस कोतवाली के विवेचक वी के सिंह ने द लेंस से इस बात की पुष्टि की है और कहा है कि जो कुछ भी है विवेचना में सामने आ जाएगा।

