फरीदाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मां से नाराज होकर घर से निकली 28 वर्षीय युवती को लिफ्ट देकर कार सवार दो युवकों ने अपनी हवस का शिकार बना लिया। आरोप है कि दोनों आरोपी युवती को करीब दो घंटे तक कार में फरीदाबाद–गुरुग्राम रोड पर घुमाते रहे और इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद देर रात करीब 3 बजे आरोपियों ने एसजीएम नगर स्थित मुल्ला होटल के पास चलती कार से युवती को सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए। गंभीर हालत में युवती को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच की गई, जिसके आधार पर देर रात दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात में इस्तेमाल ईको कार भी बरामद कर ली गई है।




