मौसम खुलते ही स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के पर्यटक बर्फ से ढके पहाड़ों और सफेद ढलानों का दीदार करने पहुंचे। शनिवार को विकासखंड के बेनीताल और कंथोलीसैंण में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई। कंथोलीसैंण के कनुखल से लगभग चार किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित बुग्याल में बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ों ने पर्यटकों का मन मोह लिया।
यहां पहुंचे स्थानीय पर्यटक राकेश नेगी ने बताया कि बेहतर ढलान वाले इस बुग्याल में बर्फबारी के कारण प्राकृतिक सुंदरता कई गुना बढ़ गई है। शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बुग्याल की सैर करते दिखे और बर्फ में घूम-घूमकर आनंद लिया।
सिर्फ बेनीताल और कंथोलीसैंण ही नहीं, बल्कि गैरसैंण के दिवालीखाल, भराड़ीसैंण, चौरासैण, और देवाल के वाण, लोहाजंग जैसे स्थानों पर भी पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। स्कूलों में छुट्टी होने के कारण बच्चे भी बर्फ में खेलते नजर आए और यह नजारा देखने वालों का मन मोह रहा था।
पर्यटकों की भीड़ के चलते स्थानीय दुकानों में भी रौनक बढ़ी। होटलों में मैगी, चाउमीन, चाय, कॉफी आदि की भारी बिक्री हुई, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे।




