[ad_1]

सिवान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत बुधवार को प्रातः बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह सिवान सदर विधायक मंगल पांडेय ने कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रति समर्पित रहा है।
उन्होंने इसे देश के इतिहास का “स्वर्णिम कार्यकाल” बताते हुए कहा कि इसी कारण देश की जनता लगातार नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को अपना समर्थन और आशीर्वाद देती रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के 21 से अधिक राज्यों में जनता ने एनडीए को शासन और सेवा का अवसर दिया है।
पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनविश्वास और जनआस्था लगातार बढ़ रही है। लोगों के बीच यह धारणा मजबूत हुई है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही विकास और प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
मंगल पांडेय ने कहा कि जनता के व्यापक समर्थन और विश्वास के बल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लंबा एवं सफल कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी मोदी देश की सेवा करते रहेंगे और भारत विकास, आत्मनिर्भरता तथा वैश्विक नेतृत्व के नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, अमित कुमार सिंह, आदित्य पाठक, लिसा लाल, राजेश श्रीवास्तव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा के जयकारों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
[ad_2]
Source link