
गोसाईगंज लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के रिश्ता मैनहैटन सोसाइटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किराए के फ्लैट में रह रहे 30 वर्षीय शुभम त्रिपाठी ने रविवार शाम करीब 6 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि टावर A-2, फ्लैट नंबर 407 में रहने वाला व्यक्ति काफी देर से दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मकान मालिक और सोसाइटी सुरक्षा कर्मियों की मदद से वीडियोग्राफी कराते हुए फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। अंदर शुभम को छत में लगे पंखे से चादर का फंदा बनाकर लटका पाया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि मृतक ने खुद फंदा बनाकर आत्महत्या की। फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके का निरीक्षण किया गया और आवश्यक कार्यवाही पूरी की गई। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौके पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई संतोष कुमार त्रिपाठी (गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ निवासी) ने बताया कि शुभम मूल रूप से बलरामपुर जिले के ग्राम घोरीपुर बिरवा (थाना सादुलनगर) के निवासी थे। वह लखनऊ में किराए पर रहकर इंटीरियर का काम करते थे और अविवाहित थे।

