मेडिकल कॉलेज परिसर में कुत्ते के मुंह में नवजात का कटा हुआ सिर मिलने से हड़कंप

NFA@0298
2 Min Read



जलपाईगुड़ी। शनिवार को जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर के मदर एंड चाइल्ड हब परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का कटा हुआ सिर मुंह में लेकर घूमता नजर आया। इस दृश्य ने पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फ़ैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर मरीजों के परिजनों ने कुत्ते को अस्पताल परिसर में कुछ लेकर घूमते देखा। जब लोगों ने कुत्ते का पीछा किया, तो वह मेडिकल कॉलेज के एक खाली हिस्से में नवजात शिशु का सिर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के सिर को बरामद कर लिया।

घटना को लेकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने जमकर आक्रोश जताया और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

रमा नायक नाम की एक महिला ने बताया कि वह अपने बेटे के लिए खाना खरीदने अस्पताल से बाहर जा रही थीं, तभी उन्होंने कुत्ते को मुंह में कुछ लेकर घूमते देखा। पास जाकर देखा तो कुत्ते के मुंह में एक नवजात बच्चे का सिर था, जिसे देखकर वह बुरी तरह घबरा गईं और तुरंत सुरक्षा गार्ड को इसकी जानकारी दी।

एक अन्य मरीज के परिजन मृणाल राय ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कुत्ते के मुंह में केवल बच्चे का सिर मिला है, तो नवजात का बाकी शरीर कहां है, यह एक गंभीर सवाल है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

हालांकि, जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज के एमएसवीपी डॉ. कल्याण खां ने अस्पताल की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में यदि किसी नवजात की मृत्यु प्रसव के दौरान होती है, तो शव परिजनों को सौंप दिया जाता है।

यदि परिजन शव नहीं लेते हैं, तो उसे अस्पताल के शवगृह के फ्रीजर में सुरक्षित रखा जाता है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment