मुरादाबाद में 11 अप्रैल को उपज का प्रांतीय अधिवेशन

NFA@0298
2 Min Read



बस्ती – नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (एनयूजे) की राज्य शाखा, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) का एक दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन 11 अप्रैल को मुरादाबाद में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे। उपज के प्रदेश सचिव जयंत कुमार मिश्र ने बताया कि मुरादाबाद में दिल्ली मार्ग स्थित उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम के होटल राही में आयोजित इस अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में पूर्व मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व कुलपति बल्देव भाई शर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त तथा एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अधिवेशन में प्रदेश के सभी जनपदों से डेलीगेट भाग लेंगे। आम सभा की बैठक तथा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा होगी। प्रमुख मुद्दों में पत्रकार पेंशन, आयुष्मान चिकित्सा कार्ड की विसंगतियां, रेल यात्रा रियायत बहाल कराना, आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था, प्रेस मान्यता समिति का गठन, रोडवेज में सहवर्ती की निशुल्क यात्रा, पत्रकार सुरक्षा, पत्रकार आयोग का गठन, छोटे समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन की सुविधा तथा पत्रकारों को राज्य सरकार के कर्मचारियों के समान सुविधाएं प्रदान करना शामिल हैं। इन सभी विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। 10 अप्रैल को टीम ट्रेन से मुरादाबाद के लिए प्रस्थान करेगी। साथ ही उपज के संगठन विस्तार और राज्य में एनयूजे की राष्ट्रीय बैठक आयोजित कराने पर भी विचार किया जाएगा। अधिवेशन के तीनों सत्रों में पारित प्रस्तावों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा जाएगा।



Source link

Share This Article
Leave a Comment