मुबारिकपुर–गगरेट मार्ग पर छात्र को टक्कर मार कर भागने वाला चालक गिरफ्तार

NFA@0298
2 Min Read



ऊना। शनिवार 24 जनवरी को मुबारिकपुर–गगरेट मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर फरार चल रहे आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हैप्पी निवासी गगरेट के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे कलरूही स्कूल में अध्ययनरत छात्र विनय कुमार पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी मुबारिकपुर, अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान मुबारिकपुर–गगरेट मार्ग पर हाइड्रा वर्कशॉप के पास गगरेट की ओर से आ रहे एक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार को गगरेट में स्थित एक डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान से बरामद किया। इसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक के बचपन में ही उसके पिता ने उसकी माता से अलग रहना शुरू कर दिया था। विनय की माता और दादी उसी पर आश्रित थीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसपी अमित यादव ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment