उतई। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उतई पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.4 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुक्तिधाम रोड पतोरा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना उतई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी प्लास्टिक थैली से 30 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान सत्यवीर खुटियारे (38 वर्ष), निवासी गोडपेंडरी, थाना उतई के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना उतई में अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा था।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, प्रधान आरक्षक मनीष थापा, आरक्षक महेश यादव एवं आरक्षक राजीव दुबे की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशे के कारोबार या अन्य किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग मिल सके।
