
प्रयागराज । प्रयागराज में आयोजित माघ मेला–2026 के दौरान तैनात पीएसी जवानों ने अदम्य साहस और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए यमुना नदी में डूब रही एक किशोरी की जान बचा ली। यह घटना 01 जनवरी 2026 की शाम की है, जब 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ की बी-दल (बाढ़ राहत) टीम फ्लड ड्यूटी पर तैनात थी।
जानकारी के अनुसार, अरेल सेल्फी प्वाइंट के पास एक किशोरी निजी नाव के समीप खड़े होकर सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह यमुना नदी में गिरकर डूबने लगी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मोबाइल पार्टी में तैनात आरक्षी सुधीर कुमार राय, उनके साथ आरक्षी सौरभ सिंह और आरक्षी रामजग कुमार ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पीएसी जवानों के साहस और मानवता की खुले दिल से सराहना की। इस कार्य से पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण द्वारा दिए गए मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के निर्देशों की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

