रायपुर। जिले के खरोरा और तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में हुई हत्या और लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इन वारदातों को अंजाम दिया था। एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की मदद से पुलिस ने एक नाबालिग समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की गई मोबाइल फोन, नकद रकम, दो मोटरसाइकिल और दो धारदार हथियार बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पहली घटना 17 दिसंबर को तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बहेसर में हुई थी। यहां तीन अज्ञात युवकों ने पैदल जा रहे दो युवकों को रोककर लूटपाट की। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। दूसरी वारदात को भी इसी गिरोह द्वारा अंजाम दिए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




